बागेश्वर। बागेश्वर ज़िले के गरुड़ तहसील के गनी गाँव में आज सुबह हुई बारिश के कारण एक मकान की छत ढ़ह गई जिसमें नौ लोग घायल हो गए। घायलों में पाँच बच्चे और एक महिला भी शामिल हैं। दो बच्चे और महिला गंभीर रूप से ज़ख्मी हैं।
प्रशासन की टीम ने स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को मलबे से बाहर निकाला। उन्हें प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र, बैजनाथ में भर्ती कराया गया है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार मकान की दीवारें और छत पहले से ही कमज़ोर थीं और आज सुबह हुई बारिश से ये ढ़ह गया। वहीं, ज़िला प्रशासन ने इस हादसे की जाँच के आदेश दे दिए हैं। अधिकारियों का कहना है कि पीड़ित परिवारों को मुआवज़ा दिया जाएगा और ज़रूरतमंदों को अस्थायी आवास उपलब्ध कराया जाएगा। वहीं, स्थानीय लोगों ने प्रशासन से पुराने और जर्जर मकानों का सर्वे कराने की अपील की है।